संभल। बाइक में पेट्रोल खत्म होने पर नशे में धुत्त युवक ने यूपी 112 पुलिस को फोन कर लूट की झूठी सूचना दी। जिससे पुलिस में हड़कंप मच गया। आननफानन दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। गुन्नौर सीओ ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। फोन करने वाला युवक नशे की हालत में था। पूछताछ में उसने बताया कि बाइक में पेट्रोल खत्म होने पर पुलिस को लूट की झूठी सूचना दी है। इस जानकारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव लखनपुर निवासी गौरी शंकर पुत्र भूपसिंह ने शनिवार की देर रात नशे की हालत में यूपी 112 पुलिस को लूट की सूचना दी। मौके पर रजपुरा और कैलादेवी थाने की पुलिस पहुंच गई। सीओ गुन्नौर राकेश कुमार भी पहुंचे। सूचना देने वाले युवक से जानकारी की तो उसने बताया कि वह कस्बा गवां किसी काम से आया था। घर लौटते समय संभल-गवां मार्ग स्थित लखनपुर पुल के निकट बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया तो लूट की सूचना दे दी। पुलिस ने झूठी सूचना देने के आरोप में युवक के खिलाफ कार्रवाई की है। साथ ही बाइक को भी सीज किया गया है। सीओ ने राकेश कुमार ने बताया कि युवक नशे की हालत में था। चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान पुष्टि हुई है। झूठी सूचना देने के आरोप में कार्रवाई की गई है।