संभल। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में प्री-बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू होंगी। इसमें 51432 विद्यार्थी शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर यह परीक्षा होगी। सोमवार को पूरे दिन स्कूलों में सीटिंग प्लान समेत तैयारियां पूरी की गईं।
डीआईओएस सर्वेश कुमार ने बताया कि प्री-बोर्ड परीक्षाएं बोर्ड के मूल प्रश्नपत्रों के अनुरूप कराई जाएंगी। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में यह परीक्षाएं होंगी। परीक्षा में 2025 में उपयोग में नहीं लाए गए अतिरिक्त (रिजर्व) प्रश्नपत्रों का प्रयोग होगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक बोर्ड परीक्षा जैसा माहौल उपलब्ध कराकर बेहतर अभ्यास कराना है।
प्री-बोर्ड परीक्षा का प्रश्नपत्र पैटर्न, अंक विभाजन और समय-सीमा पूरी तरह यूपी बोर्ड की मुख्य परीक्षा के अनुरूप होगी। इससे विद्यार्थियों को परीक्षा के दबाव, समय प्रबंधन व प्रश्नों की प्रकृति को समझने में मदद मिलेगी। पहले दिन हाईस्कूल में हिंदी और इंटरमीडिएट में अंग्रेजी का पेपर होगा। डीआईओएस ने बताया कि सुबह दस बजे से दोपहर एक बजकर पंद्रह मिनट तक परीक्षा चलेगी।
यह है परीक्षा कार्यक्रम
6 जनवरी- हाईस्कूल में पहला पेपर हिंदी और इंटर में अंग्रेजी विषय का पेपर होगा।
7 जनवरी-हाईस्कूल में अंग्रेजी और इंटर में हिंदी व हिंदी सामान्य विषय की परीक्षा होगी।
8 जनवरी-हाईस्कूल में विज्ञान और इंटर में भौतिक विज्ञान, अर्थशास्त्र, सामान्य आधारित विषय कृषि भाग-1 प्रथम प्रश्न पत्र और कृषि भाग-2 पष्ठम प्रश्न पत्र की परीक्षा होगी।
9 जनवरी-हाईस्कूल में सामाजिक विज्ञान और इंटर में रसायन विज्ञान, नागरिक शास्त्र, बहीखाता, कृषि भाग-1 द्वितीय प्रश्न पत्र और कृषि भाग-2 सप्तम प्रश्न पत्र की परीक्षा होगी।
10 जनवरी- हाईस्कूल में गणित और गृह विज्ञान, जबकि इंटर में जीव विज्ञान, भूगोल, व्यवसाय अध्ययन, कृषि भाग-1 तृतीय प्रश्न पत्र और कृषि भाग-2 अष्टम प्रश्न पत्र की परीक्षा होगी।
12 जनवरी- हाईस्कूल में चित्रकला और कृषि विषय की परीक्षा होगी। जबकि इंटर में गणित, समाज शास्त्र, आशुलिपि, कृषि भाग-1 के चतुर्थ और भाग-2 के नवम प्रश्न पत्र की परीक्षा होगी।
13 जनवरी- हाईस्कूल में संस्कृत और उर्दू व इंटर में इतिहास, शिक्षा शास्त्र, कृषि भाग-1 के पंचम प्रश्न पत्र और भाग-2 के दशम प्रश्न पत्र की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
15 जनवरी-हाईस्कूल में कंप्यूटर, सिलाई और वाणिज्य की परीक्षा रहेगी। इंटर में गृह विज्ञान और सैन्य अध्ययन की परीक्षा होगी।
16 जनवरी- हाईस्कूल में संगीत वादन और संगीत गायन की परीक्षा होगी और इंटर में संस्कृत, उर्दू और कंप्यूटर विषय की परीक्षा होगी।
17 जनवरी- इंटरमीडिएट में चित्रकला आलेखन, प्रावैधिक, रंजन कला की परीक्षा होगी।
हाईस्कूल और इंटर में कुल 51432 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। यही इस परीक्षा में शामिल होंगे। सभी प्रधानाचार्यों की जिम्मेदारी है कि वह निष्पक्षता से इसे संपन्न करवाएं। गड़बड़ी पर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सर्वेश कुमार, डीआईओएस, संभल