कल्कि धाम में शिलान्यास की तैयारियां जोरों पर
संभल जिले के गांव ऐंचोड़ा कंबोह में बनने वाले श्री कल्कि मंदिर में शिलान्यास की तैयारियां लगातार जारी है। मंदिर के गर्भगृह में भगवान विष्णु के दस अवतार स्थापित होंगे। इसकी तैयारी जोरों से चल रही है। मंगलवार को परिसर में खुदाई और सफाई का कार्य होता रहा। श्री कल्कि मंदिर विश्व का ऐसा पहला मंदिर होगा, जहां भगवान विष्णु के दस अवतार के गर्भगृह होंगे।
इनमें पहले भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार, कच्छप अवतार, बराह अवतार, नृसिंह अवतार, वामन अवतार, परशुराम अवतार, श्रीराम अवतार, श्रीकृष्ण अवतार के दर्शन के बाद भगवान कल्कि के दर्शन किए जाएंगे। आचार्य प्रमोद कृष्णम बताते हैं कि पुराणों के अनुसार कल्कि का अंतिम अवतार संभल में होगा।
भगवान के अवतार लेने से पहले उनका भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण हो जाएगा। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बताया कि शिलान्यास समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया है। साथ ही, अन्य कई नेताओं और धर्म जगत की हस्तियों को भी न्योता दिया है।
मंच से 60 फीट दूरी पर होगी बैठने की व्यवस्था
श्री कल्कि मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंदिर परिसर में शिलान्यास के दौरान मुख्य अतिथियों के मंच पर बैठने व अन्य लोगों के बीच स्थान निर्धारित किए गए। मंच और स्थान के बीच की दूरी करीब 60 फीट रहेगी। कल्कि पीठ से जुड़े स्वयंसेवक भी व्यवस्था को देखने में लगे हैं। सोमवार को भी एडीएम प्रदीप वर्मा, एएसपी श्रीश्चंद्र, एसडीएम सुनील त्रिवेदी और सीओ संतोष कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सीएम योगी और राज्यपाल को भी निमंत्रण
कल्किधाम के प्रवक्ता पंकज चाहल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम मंगलवार को कल्कि मंदिर के शिलान्यास का न्योता देंगे। बताया कि लखनऊ में सीएम आवास पर उनकी मुलाकात होगी। इसके बाद आचार्य राज्यपाल को निमंत्रण देंगे। कल्कि धाम में आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कल्कि धाम के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। कहा कि शिलान्यास समारोह के दृष्टिगत पूरी मुस्तैदी से कार्य को अंजाम देते रहे। जहां जो कार्य चल रहा है, उसकी निगरानी भी करते रहे।