चंदौसी। पॉलीटेक्निक संस्थानों में दाखिले को लेकर प्रवेश परीक्षा का आयोजन पांच जून से 13 जून तक किया जाएगा। इस बार प्रवेश परीक्षा के लिए जिले का एकमात्र परीक्षा केंद्र मुरादाबाद रोड के राधा गोविंद पॉलीटेक्निक कॉलेज चंदौसी को बनाया गया है। परीक्षा केंद्र अधीक्षक दिनेश मोहन आर्य ने बताया कि इस बार पॉलीटेक्निक में प्रवेश के लिए करीब 2500 अभ्यर्थियों के आवेदन आए हैं।
राजकीय व निजी पॉलीटेक्निक संस्थानों में प्रवेश के लिए दस मई तक आवेदन लिए गए थे। फिर आवेदनों की तिथि को आगे बढ़ाकर 20 मई कर दिया गया। पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा के केंद्र अधीक्षक दिनेश मोहन मौर्य ने बताया कि राजकीय पॉलीटेक्निक में सिविल, केमिकल व प्रिंटिंग सेमेस्टर की 75-75 सीटें हैं। साथ ही लेटरल एंट्री की 14 सीटें है। जिसमें आईटीआई व इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करे हुए विद्यार्थी पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा पास कर दूसरे सेमेस्टर में प्रवेश ले सकते हैं। इस तरह कुल मिलाकर 239 सीट पर युवाओं को प्रशिक्षित किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस बार पॉलिटेक्निक में प्रवेश के लिए 239 सीटों के लिए 2500 युवाओं ने आवेदन फार्म भरे हैं। प्रवेश परीक्षा पांच जून से 13 जून तक तीन पालियों में राधा गोविंद पॉलीटेक्निक कॉलेज चंदौसी में संपन्न होगी। जिसके बाद 21 जून को प्रवेश परीक्षा का परिणाम आने की उम्मीद है।