बहजोई। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों के व्यापारी की ओर से धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी तथा षड्यंत्र रचने के आरोपों में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के पुराना डाकखाना रोड निवासी इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों के एक व्यापारी ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि वर्ष 2003 में उसके पिता की रंगदारी न देने पर हत्या कर दी गई थी। तब से वह वह और उसकी बहन दुकान संचालित कर रहे हैं। कुछ वर्षों से जिला सूचना विज्ञान केंद्र के जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (डीआईओ) दुकान पर आकर बैठने लगे
बीते दिनों उन्होंने जरूरी काम के लिए उधार में 2 लाख रुपये की मांग की। समय बीतने पर रुपयों का तगादा किया तो डीआईओ ने टालमटोल कर दिया। इस बीच डीआईओ ने उनकी बहन को प्रेमजाल में फंसा लिया और शादी करने के सपने दिखाने लगे, जबकि डीआईओ पहले से ही शादीशुदा हैं तीन बच्चे भी हैं।
व्यापारी का आरोप है कि डीआईओ उनकी चल व अचल संपत्ति समेत पैतृक सोना हड़पना चाहते हैं और इसके लिए बहन को उकसा रहे हैं। उनकी बहन कब्जे में होने की बात कहते हुए डीआईओ बहन को आत्महत्या के लिए मजबूर करने और झूठे मुकदमे मेें फंसाने की भी धमकी दी। पूरे परिवार की हत्या कराने की धमकी भी दी। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि व्यापारी की ओर से एनआईसी के डीआईओ संजय शर्मा निवासी जागृति विहार मेरठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं एनआईसी के डीआईओ ने आरोपों को निराधार बताते हुए इस मामले में कोई जानकारी होने से इंकार किया है।