कुढ़फतेहगढ़/चंदौसी(संभल)। बिलारी विधानसभा के आंशिक क्षेत्र के गांव बेरनी में भाजपा प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी के जुलूस की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। वहां पुलिस के साथ भाजपा प्रत्याशी और जिला पंचायत अध्यक्ष की नोकझोंक हुई। इस दौरान पुलिस ने प्रत्याशी के समर्थक की कार से हूटर का एम्पलीफायर उतार लिया और दस हजार रुपये का चालान कर दिया।
रविवार को बिलारी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी अपने कुछ समर्थकों के साथ गांव में डोर टू डोर ग्रामीणों से संपर्क कर रहे थे। किसी ने पुलिस को सूचना दी कि वह भीड़ के साथ गांव में जुलूस निकाल रहे हैं। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष पति नीलेश यादव व कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक हुई।
उन्होंने पुलिस पर सपा विधायक के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। थाना पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी के समर्थक की इनोवा कार में अंदर लगे हूटर को निकालने की कोशिश की, पर वह खुल नहीं सका। पुलिस ने हूटर का एम्पलीफायर निकाल लिया और दस हजार रुपये का ई-चालान कर दिया। कार मालिक विनायक कुमार सिंह साउथ वेस्ट दिल्ली के निवासी हैं।
जुलूस की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। वहां हम जनसंपर्क कर रहे थे। झूठी सूचना पर पुलिस के पहुंचने पर हल्की बातचीत हो गई थी। हमारी किसी कार का चालान नहीं काटा गया है।
परमेश्वर लाल सैनी, भाजपा प्रत्याशी बिलारी, विधानसभा
जुलूस की सूचना पर मैं पुलिस बल के साथ गया था। वहां कहासुनी हुई। समर्थक की गाड़ी की हूटर लगा था। हूटर न निकलने पर उसका एम्पलीफायर निकाल लिया और उसका दस हजार रुपये का ई-चालान किया गया है।
रविंद्र कुमार राठी, प्रभारी निरीक्षक थाना कुढ़फतेहगढ़