बबराला(संभल)। फर्जी तरीके से बीमा कर क्लेम हड़पने वाले गिरोह पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस चौतरफा कार्रवाई कर रही है। गुन्नौर पुलिस उनके अलग-अलग राजस्थान, नोएडा, मध्य प्रदेश आदि पैतृक ठिकानों पर बीते कई दिनों से सर्च अभियान चला रही है। सोमवार को गुन्नौर पुलिस गिरोह से जुड़े रजपुरा थाना क्षेत्र के कोर्ट में सरेंडर करने वाले आरोपी सचिन शर्मा को रिमांड पर लेकर आई और आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से मुहरें आदि सामान बरामद किया है।
बता दें कि कई राज्यों में फैले बीमा क्लेम हड़पने वाले गिरोह के नेटवर्क का जनवरी में पुलिस ने भंडाफोड़ किया था। जिसमें वाराणसी के थाना कैंट के गांव फुलवरिया के रहने वाले ओंकारेश्वर मिश्रा और बबराला के अमित कुमार को काले रंग की स्कॉर्पियों में 11.40 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया था। इनसे मिले दस्तावेजों से खुलासा हुआ था कि यह गिरोह मरणासन्न या मृत व्यक्तियों के फर्जी तरीके से बीमा करने के बाद उनके बीमा क्लेम को हड़प लेता है।
इसके बाद कोतवाली गुन्नौर, रजपुरा, धनारी समेत थाना कुढ़फतेहगढ़ और बनियाठेर थाने में भी मामले पकड़े गए और मुकदमे दर्ज हुए। गुन्नौर के मुकदमे में आरोपी सगे भाई सचिन शर्मा व गौरव शर्मा ग्रेटर नोएडा में और सोनू शर्मा दिल्ली के दादरी में मकान बना कर रह रहे हैं।
फर्जी बीमा गिरोह के सदस्य गुन्नौर के गांव फरीदपुर निवासी सचिन शर्मा ने 21 अप्रैल को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। तीन मई से वह रिमांड पर है और गुन्नौर पुलिस कस्टडी में है। अब पुलिस रिमांड पर लेने के बाद राजस्थान नोएडा, मध्य प्रदेश, बबराला समेत आदि ठिकानों पर पुलिस सर्च अभियान चला रही है।
सोमवार को कोतवाली प्रभारी अखिलेश प्रधान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी सचिन शर्मा को लेकर बबराला के शिवपुरी मोहल्ला में उसके आवास और चंदौसी रोड में स्थित फार्माट्रक शिव ट्रैक्टर्स एजेंसी पर व ठिकानों पर छापा मारा। पुलिस को कुछ मुहरें व अहम दस्तावेज हाथ लगे हैं।
-
फर्जी बीमा कर क्लेम हड़पने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को चार दिन की रिमांड पर लिया है। उसके ठिकानों पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। कुछ सामान बरामद भी हुआ है। अभी एक दिन की रिमांड बाकी है। इसके बाद खुलासा किया जाएगा।
अनुकृति शर्मा, एएसपी दक्षिणी