चंदौसी(संभल)। छह व सात सितंबर को होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को लेकर परिवहन विभाग अभ्यर्थियों की संख्या के आधार पर बसों का रूट तय करेगा। ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा चंदौसी रोडवेज बस स्टैंड को तीन नई रोडवेज बसें और मिली हैं। प्रदेश भर में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) छह व सात सितंबर को होनी है। इसमें सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस बार मेरठ, मुजफ्फनगर, नोएडा, आगरा के अलावा मुरादाबाद, बदायूं आदि नगरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए है। जहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचेंगे। परीक्षा केंद्रों तक जाने में अभ्यर्थियों को परेशानी न हो। इसके लिए परिवहन विभाग उनकी संख्या के आधार पर रोडवेज बसों के फेरे तय करेगा। चंंदौसी रोडवेज बस स्टैंड प्रभारी राजीव यादव ने बताया कि जिस रूट के अभ्यर्थी ज्यादा होंगे, उसी रूट पर रोडवेज बसों को भेजा जाएगा। साथ ही तीन और नई रोडवेज बसों की सुविधा मिली है। अभ्यर्थियों को कोई परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।
वहीं, रेलवे ने एग्जाम स्पेशल ट्रेन को मेला स्पेशन ट्रेन नाम रख दिया है। इसकी सुविधा भी अभ्यर्थियों को मिलेगी। रेलवे स्टेशन अधीक्षक राजू कुमार ने बताया कि बरेली से आकर मेला स्पेशल ट्रेन 04323 सुबह करीब 8.40 बजे चंदौसी रेलवे स्टेशन से मुरादाबाद के लिए रवाना होगी। वहीं, मुरादाबाद से आकर यह ट्रेन 04324 चंदौसी रेलवे स्टेशन से शाम करीब 7.30 बजे बरेली के लिए रवाना होगी।