संभल। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा प्रथम पाली की परीक्षा मंगलवार को जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10 बजे से 12 बजे तक हुई। दूसरी पाली तीन बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चली। गणित और सामान्य ज्ञान के घुमावदार सवालों ने अभ्यर्थियों को खूब दिमागी कसरत कराई। बाहर निकले अभ्यर्थियों में कुछ के चेहरे पर मुस्कान थी कुछ के चेहरे पर निराशा।
पीईटी परीक्षा को लेकर मंगलवार को पूरे जिले में हलचल रही। परीक्षा की तैयारियों को लेकर पिछले एक सप्ताह से जिला प्रशासन जुटा हुआ था। पहली पाली की परीक्षा देकर शंकर भूषण परीक्षा केंद्र से निकले विकास कुमार ने बताया कि सामान्य ज्ञान के प्रश्न कठिन थे।
चंदौसी की सोनिया ने बताया कि कुल 100 सवाल आए थे, भूगोल व करेंट अफेयर्स के सवाल थोड़े उलझाऊ थे, बाकी विषय के आसान रहे। अनूपशहर के पवन ने बताया कि करेंट अफेयर्स से सवाल घुमाकर पूछे गए थे। हिंदी के सवाल आसान रहे। असना जरीन ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वालों के लिए सवाल सहज रहे।