चंदौसी (संभल)। नगर के स्टेशन से होकर आनंद विहार जाने वाली जोगबनी-आनंद विहार व मुजफ्फरपुर-आनंद विहार स्पेशल ट्रेनों के बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में यात्रियों के सामने नियमित ट्रेनों में आरक्षण न मिलने की दिक्कत आ रही है।
चंदौसी रेलवे स्टेशन से आनंद विहार जाने के लिए दैनिक ट्रेन सद्भावाना एक्सप्रेस है। इसके अलावा बापूधाम मोतिहारी, राधिकापुर- आनंद विहार, सहरसा आनंद विहार व लोकनायक एक्सप्रेस साप्ताहिक ट्रेन है। रेलवे की ओर से आनंद विहार जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए तीन स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया था। इसमें जोगबनी- आनंद विहार व मुजफ्फरपुर- आनंद विहार स्पेशल ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया। जबकि गोरखपुर- आनंद विहार एक्सप्रेस स्पेशल का संचालन नवंबर के आखिरी में बंद हो जाएगा। ऐसे में शहर से आनंद विहार जाने वाले यात्रियों को सिर्फ एक दैनिक ट्रेन सद्भावना एक्सप्रेस या साप्ताहिक ट्रेन पर निर्भर होना पड़ रहा है। ऐसे में उनके सामने आरक्षण में वेटिंग की दिक्कतें आ रही हैं। कई सामाजिक संगठन पहले भी आनंद विहार जाने वाली स्पेशल ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू करने की मांग कर चुके हैं। यात्रियों का कहना है कि आनंद विहार जाने के लिए दैनिक व साप्ताहिक ट्रेन में वेटिंग की समस्या आ रही है। वहीं निजी वाहन व रोडवेज बसों से जाने पर उन पर अतिरिक्त रुपये का बोझ पड़ रहा है।
.....................
काम के सिलसिले में आनंद विहार आए दिन जाना पड़ता है। आनंद विहार जाने वाली स्पेशल ट्रेनों में वेटिंग का सामना नहीं करना पड़ता था। इन ट्रेनों के बंद होने से साप्ताहिक व दैनिक ट्रेन पर निर्भर होना पड़ रहा है।
रमाकांत शर्मा
................
दैनिक व साप्ताहिक ट्रेनों में अधिकांश समय वेटिंग की समस्या आती है। स्पेशल ट्रेनों के बंद होने से आनंद विहार की रेल यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रमाकांत वार्ष्णेय