संभल। ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर बेहद सर्तकता बरती गई। प्रेक्षक और डीआईजी ने संभल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। संभल में पुलिस प्रशासन ने ब्लॉक के दोनों ओर मार्गों पर बैरिकेडिंग कर साढ़े तीन बजे तक रास्ता बंद रखा। साढ़े तीन बजे के बाद जब चुनाव का परिणाम आया तो उसके बाद बैरिकेडिंग हटा दी गई।
ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड़ पर था। सुबह से ही मुरादाबाद मार्ग पर बाईपास के पास बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर रुट डायवर्ट कर दिया गया। संभल में बिजलीघर से थोड़ी आगे से ब्लॉक परिसर तक दो जगह बैरिकेडिंग कर रास्ते को बंद रखा गया। मुरादाबाद की ओर से आने वाले मार्ग को भी बाईपास के अलावा दो जगह बैरिकेडिंग कर बंद रखा गया। किसी को भी अंदर आने की इजाजत नहीं दी गई थी।
संभल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विकास सक्सेना और नखासा थाना के प्रभारी धर्मपाल सिंह को मार्ग के दोनों ओर पुलिस बल के साथ तैनात किया गया। उप जिलाधिकारी दीपेंद्र यादव और पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह निगरानी करते रहे। सबसे पहले 12.37 बजे डीआईजी शलभ माथुर आए। प्रशासन के अधिकारियों से जानकारी ली। उनके बाद ढाई बजे प्रेक्षक ओपी वर्मा पहुंचे। चुनाव में लगे कर्मियों को शांतिपूर्वक और ईमानदारी के साथ चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए। इसी के साथ प्रत्याशियों से भी बातचीत की।
---------