संभल। जिले में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन संकट रहा, लेकिन अब ऑक्सीजन की कमी न हो इसके लिए तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट तैयार कराया गया। गुरुवार को जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव ने फीता काटकर ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया। यह प्लांट 500 एलपीएम क्षमता का है।
गुरुवार को ऑक्सीजन प्लांट के उद्घाटन के मौके पर भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। समस्त सरकारी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। नोडल अधिकारी डॉ. मनोज चौधरी ने कहा कि जिस तरीके से बीते दिनों में कोविड-19 जैसी महामारी से जिला अस्पताल प्रशासन जूझ रहा था। उस समय जैसे तैसे निपटाया गया था, लेकिन स्थिति सामान्य होने पर ऑक्सीजन प्लांट का काम तेजी से चला और 500 एलपीएम की क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट का गुरुवार को उद्घाटन हो गया है। जिससे अब जिला अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। इस दौरान सीएमओ डॉ. अजय कुमार सक्सेना, डॉ. शम्मी कपूर, संध्या अग्रवाल, डॉ.अरविंद गुप्ता, यशपाल प्रजापति, चौधरी संजीव सिंह, सुभाष शर्मा, नीलेश यादव आदि रहे।