बहजोई। पेयजल योजना के तहत जीआईसी लहरावन में बनाया गया लाखों रुपये का ओवरहेड टैंक सात साल बाद भी कार्यदायी संस्था की ओर से कॉलेज को हैंडओवर नहीं किया गया है। ऐसा ही कुछ हाल जीजीआईसी सिरसी का भी है। यहां भी ओवरहेड टैंक शोपीस बना हुआ है।
राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सीपी सिंह ने बताया कि वर्ष 2017 में क्लीन-ग्रीन योजना के तहत शासन की ओर से कॉलेज में विकास कार्य व साैंदर्यीकरण आदि के लिए करीब 50 लाख रुपये की धनराशि जारी हुई थी। इस धनराशि से कॉलेज में सोलर पैनल समेत पेयजल योजना के लिए टोंटियों की यूनिट, ओवरहेड टैंक, पौधरोपण व वाटर कूलर लगवाने आदि कार्य किया गया था।
प्रधानाचार्य ने बताया कि खास बात यह रही कि पेयजल योजना के लिए बनाया गया ओवरहेड टैंक सात वर्ष बाद भी कार्यदायी संस्था की ओर से अभी तक हैंडओवर तक नहीं किया गया है और न ही अभी तक ओवरहेड टैंक में पानी पहुंचने की प्रक्रिया हुई है। ओवरहेड टैंक बस सफेद हाथी बना हुआ है।
वहीं, दूसरी ओर राजकीय कन्या इंटर कॉलेज सिरसी में भी छात्राओं को पीने की पानी की उपलब्धता के लिए बनाया गया ओवरहेड टैंक भी शोपीस बना हुआ है।
निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में भी नहीं हो सका समाधान
बहजोई। खास बात यह है कि कलक्ट्रेट सभागार में प्रत्येक माह निर्माण निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक होती है। बावजूद इसके अभी तक ओवर हेड टैंक से होने वाली पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए पहल नहीं हो सकी है।
अभी तक मामला संज्ञान में नहीं था। अब जानकारी मिली है, तो कॉलेज के प्रधानाचार्य व कार्यदायी संस्था से बातचीत कर ओवरहेड टैंक के माध्यम से पेयजल व्यवस्था को सुचारु कराया जाएगा।
श्यामा कुमार, डीआईओएस, जिला संभल