बहजोई (संभल)। यादव कॉलोनी में बदमाशों ने एक घर पर धावा बोलकर परिजनों को कमरे में बंद करके नकदी जेवर समेत कीमती सामान समेट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की। इस मामले में पुलिस को तहरीर दे दी गई है, लेकिन रिपोर्ट अभी दर्ज नहीं हुई है। पुलिस घटना को प्रथम दृष्टया आपसी लेनदेन का मामला मान रही है।
बहजोई के मोहल्ला यादव कॉलोनी निवासी प्रेमपाल बसों में जड़ी-बूटी बेचने का काम करते हैं। बुधवार की देर रात हथियार बंद पांच बदमाशों ने उनके घर को निशाना बना लिया। प्रेमपाल की पत्नी अमरवती ने बताया कि बुधवार की रात वह अपनी बहन, बहू और बेटी के साथ हो रही थी। तभी अचानक देर रात करीब एक बजे हथियारबंद बदमाश दीवार फांदकर घर में घुुस आए और एक-एक कर सभी घर वालों तमंचे के नोंक पर लेकर नकदी और जेवर के बारे में जानकारी पूछताछ की। इसके बाद बदमाशों ने मारपीट करते हुए महिलाओं के जेवर उतरवा लिए। बाद में कमरे में घुसकर अलमारी आदि खंगाली और करीब दो घंटे तक लूटपाट करने के बाद बदमाश सभी घर वालों को दूसरे कमरे में बंद कर फरार हो गए। काफी देर तक चीखने-चिल्लाने के बाद सुबह करीब चार बजे मोहल्ले वालों ने आवाज सुनकर कमरे का दरवाजा खोला और घर वाले कमरे से बाहर आ सके।
अमरवती के मुताबिक बदमाश 10 तोला सोना, 3 किलोग्राम चांदी व 1 लाख 86 हजार रुपये की नकदी समेत लगभग दस लाख का सामान लूट ले गए हैं। घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई है। वहीं गुरुवार की सुबह पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच-पड़ताल की। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बदमाश वारदात के दौरान एक-दूसरे का नाम ले रहे थे। साथ ही उनके पास तमंचे, राइफल व चाकू आदि हथियार थे। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र त्यागी ने बताया कि प्रथम दृष्टया सामने आया कि मामला लेनदेन का है। पूरे मामले में गंभीरता से जांच-पड़ताल कराई जा रही है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।