हयातनगर में 12 दिन पहले फल व्यापारी और किसान के घर हुई डकैती में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। छह बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया था। पकड़े गए आरोपी से एक तमंचा, सोने चांदी के जेवर समेत तीन हजार रुपये बरामद किए है। लेकिन पांच आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
27 फरवरी की रात हयातनगर में फल सब्जी व्यापारी रहीस और उसके पिता शफीक के घर में सोमवार को रात्रि डकैती पड़ी थी। रात 12 बजे के बाद बदमाश शफीक के घर में दीवार के सहारे चढ़ गए। अंदर घुसते ही सो रहे शफीक और उसके परिजनों को शस्त्रों की नोक पर ले लिया। शोर न मचाने की धमकी दी। विरोध करने पर शफीक और उसकी पत्नी सईदा पर डंडे से हमला किया था। बेटा आसिफ जागा तो उस पर भी हमला कर दिया।
इस बीच शफीक बेहोश होकर गिर गया। परिजनों के चीखने-चिल्लाने पर गोली मारने और महिलाओं की बेईज्जती करने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने घर में खंगाला करना शुरू कर दिया। और कमरे में रखे 1.25 लाख रुपये समेत जेबर निकाल लिए। इसके बाद घर के सदस्यों को मारपीट कर एक कमरे में बंद कर दिया था। शफीक के घर के सामने ही स्थित उसके बेटे और फल सब्जी के कारोबारी रहीस के घर पहुंचे। घर के दरवाजे बंद थे।
दरवाजे खटखटा कर उन्होंने कहा-हम पुलिस वाले हैं और दरवाजा खुलवाया था। दरवाजा खोलने के बाद बदमाश अंदर घुस गए और उन्होंने रहीस के सिर पर डंडा मारा। रहीस चीखा तो पत्नी भूरी जागी और वह निकली तो उसके मुंह पर डंडे से जोरदार हमला किया। रहीस का बेटा अबुल हसन जब मां और पिता को बचाने दौड़ा तो उसे बदमाशों ने अपने कब्जे में ले लिया और बुरी तरह से पीटा। उसके सिर पर गंभीर चोट आई है थी।
रहीस के घर से सोने चांदी के जेवर और 75,000 रुपये लूटे और सबको घर में कैद कर दिया। घटना में सब्जी फल विक्रेता का बेटा अबुल हसन गंभीर रुप से घायल हो गया था और उसका दिल्ली में उपचार चला था। एसपी ने घटना का संज्ञान लेते हुए घटना के खुलासे के लिए थाना पुलिस के अलावा एसओजी टीम को भी लगाया था। तभी से पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में लगी थी।
शुक्रवार को दोपहर 2.00 बजे थानाध्यक्ष सुनील अहलावत को मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ आरोपी दतावली रोड पर बाग के पास तीन लोग खड़े है जो किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस को आता देख तीनों लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर खुर्शीद पुत्र मंगा निवासी कोट गर्वी को पकड़ लिया। जबकि शाहनूर उर्फ शानू पुत्र शाहबुद्दीन निवासी भूडा सरायतरीन, उसमान पुत्र छिद्दा निवासी नरौली थाना वनियाठेर भागने में कामयाब हुए।
थानाध्यक्ष सुनील अहलावत ने बताया कि खुर्शीद के कब्जे से एक तमंचा, सोने चांदी के जेवर और तीन हजार रुपये बरामद किए है। उन्होंने बताया कि हयातनगर में हुए डकैती को छह आरोपियों ने अंजाम दिया था। तीन को खुर्शीद लाया था और तीन को उसमान लाया था। जब उसमान पकड़ा जाएगा तभी अन्य तीन आरोपियों के नाम सामने आएंगे।