असमोली थाना क्षेत्र में दो घरों में चोरों ने नकब लगा चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर सोने-चांदी के जेवर और 25 हजार की नकदी समेत डेढ़ लाख का माल समेटकर ले गए। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव शाहपुर सोत निवासी विनोद कुमार बुधवार को अपनी पत्नी के साथ दवाई लेने उत्तराखंड के ऋषिकेश गए थे। घर पर उनकी बेटी मोनी अकेली थी। बुधवार की रात मोनी सोने के लिए छत पर चली गई। देर रात चोर कमरे की दीवार में कूमल लगाकर अंदर घुस गए और सामान समेट ले गए। सुबह होने पर मोनी ने दीवार में लगा कूमल और सामान बिखरा देखा तो उसके होश उड़ गए। फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मोनी ने बताया कि चोर सोने की एक अंगूठी, चांदी के छह जेवर 15 जोड़ी कपड़े व 20 हजार रुपये ले गए हैं।
वहीं दूसरी गांव गमनपुरा निवासी कल्लू सिंह के मकान में चोरों ने कूमल लगा दिया और कमरे से माल समेट फरार हो गए। कल्लू की पत्नी सुदेश देवी की जब सुबह आंख खुली तो दीवार में नकब लगा देख उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर अन्य परिजन भी आ गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कल्लू सिंह ने बताया कि सोने-चांदी के जेवर समेत पांच हजार रुपये चोरी कर ले गए हैं।