ओबरी (संभल)। असमोली थाना क्षेत्र के गांव ओबरी में रविवार की रात एक परिवार को हथियारों के बल पर लेकर बदमाशों ने एक हजार की नकदी व सोने चांदी के जेवर लूट लिए। इसी गांव में बदमाशों ने दूसरे ग्रामीण के घर नकब लगाया। जाग होने पर भाग गए। ग्रामीणों का दावा है कि बदमाशों ने फायर किए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है।
असमोली थाना क्षेत्र के गांव ओबरी निवासी खुर्शीद लकवा से पीड़ित हैं। खुर्शीद आर्थिक रुप से कमजोर हैं और उनका कोई घर भी नहीं है। मजबूरन गांव में बने स्वास्थ्य उपकेंद्र में रहते हैं। रविवार की रात चार बदमाशों ने खुर्शीद और उनके परिवार को हथियार दिखाकर डराया और एक हजार रुपये की नकदी व बेटी के कानों से सोने की बाली लूट ली। चांदी के जेवर भी बक्से से निकाल लिए। इसके बाद बदमाशों ने गांव निवासी महिला नईम जहां के घर में नकब लगा लिया। आहट होने पर नईम जहां के घर जाग हो गई। शोर मचाने पर बदमाश भाग गए। इसी गांव के आस मोहम्मद के ईंट भट्ठे से जनरेटर का अल्टीनेटर और बेकरी संचालक मोहम्मद शफी का इन्वर्टर चोरी गया है। असमोली थानाध्यक्ष कर्म सिंह पाल का कहना है कि घटनाओं की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।