गवां। रजपुरा थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर हत्या करने के मामले में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना क्षेत्र के गांव शाहजनाबाद डांडा निवासी मोहरपाल ने चंदौसी न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि तीन अप्रैल 2023 को उनके भाई लालाराम का शव गांव के बाहर पड़ा मिला था।
शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। बाद में पता चला कि पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही दो लोगों ने पीट पीट कर हत्या की है। रजपुरा पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई पर पुलिस ने पोस्टमार्टम न कराने की बात कहते हुए कार्रवाई से इंकार कर दिया। जिसके बाद पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली।
रविवार को रजपुरा पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर शाहजनाबाद डांडा निवासी अमरपाल और किशनपाल के खिलाफ हत्या करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू करा दी है।