महिला की मौत होने पर थाने के सामने लगाया जाम, कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन
रविवार की रात महिला की हालत बिगड़ने पर पति ने मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था
पति का दावा पत्नी ने कीटनाशक का सेवन किया उससे गई जान, महिला के मायके वाले मारपीट का आरोप लगा रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
संभल। उपचार के दौरान विवाहिता की मौत से गुस्साए मायके वालों ने मंगलवा की शाम हयातनगर थाने में हंगामा किया और पोस्टमार्टम के बाद लौटे शव को सड़क पर रखकर थाने के सामने जाम लगा दिया। पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर सीओ जितेंद्र सिंह कोतवाली और नखासा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। हंगामा कर रहे परिजनों को समझाते हुए कार्रवाई का भरोसा दिया। जिसके बाद हंगामा शांत हुआ और जाम खुल सका। इसके बाद अंतिम संस्कार हो सका।
दरअसल, हयातनगर थाना क्षेत्र के दतावली गांव निवासी नीरज देवी (25) पत्नी शिवओम की रविवार की रात अचानक हालत बिगड़ गई थी। पति का दावा है कि उसकी पत्नी ने गुस्से में घर के अंदर रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया था और उससे हालत बिगड़ी थी। सोमवार की रात मौत हो गई। वहीं हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव धतरा निवासी महिला के भाई महेश का आरोप है कि उसकी बहन के साथ 4-5 दिन पहले मारपीट की गई थी। उससे ही मौत हुई है। मंगलवार की शाम चार बजे के करीब शव थाने लेकर पहुंचे मायके के लोगों ने हंगामा करते हुए शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान शव को लेकर खींचतान हुई। सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह संभल कोतवाली और नखासा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया। परिजनों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ ने कार्रवाई का भरोसा दिया तो मायके पक्ष के लोग मान गए और शव को लेकर चले गए। जहां अंतिम संस्कार कर दिया गया। विवाहित अपने पीछे एक बेटी और दो बेटों को छोड़ गई है। जिनका रोरो कर बुरा हाल है।