चंदौसी। शुक्रवार को मंडी से उड़द बेचकर आ रहे पिता-पुत्र को झांसा देकर टप्पेबाजों ने 20 हजार की नकदी झपट ली। इस मामले में भी तहरीर दे दी गई है।
शुक्रवार को हुए घटनाक्रम के अनुसार बदायूं जनपद थाना फैजगंज बेहटा के ग्राम खड़कपुर निवासी विजेंद्र व उनका बेटा संजीव मंडी समिति में 46 हजार रुपये के उड़द बेचकर निकले थे। इसमें विजेंद्र ने छह हजार रुपये अपने पास रख लिए और संजीव ने बीस-बीस हजार की गड्डी अपनी पैंट की साइड वाली जेब और पीछे वाली जेब में रख लीं। उन्हें कोतवाली क्षेत्र में मंडी के सामने निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति मिला और उसने दोनों बाप-बेटे को रोककर उनके गांव का नाम और वहां रहने वाले कुछ लाेगों के नाम भी बताए।
भुक्तभोगी संजीव ने बताया कि तभी युवक पीछे से आया और जेब से रुपये निकालने के साथ ही थप्पड़ मारकर भाग गया। पीड़ित की ओर से कोतवाली में तहरीर दे दी गई है। कोतवाली प्रभारी अनुज तोमर का कहना है कि युवक से रुपये छीनने की घटना संदिग्ध लग रही है। संभवत: युवक ने अपनी पहचान वाले को ही रुपये दिए हैं। घटना की जांच की जा रही है।
-
नए हथकंडे अपनाकर शिकार बना रहे टप्पेबाज
चंदौसी। टप्पेबाज नए-नए तरीके अपना कर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। बृहस्पतिवार को इसी स्थान पर टप्पेबाजों को एक महिला को अपने शब्द जाल में फंसाकर सोने के कुंडल उतरवा लिए और लेकर फरार हो गए थे। इसकी रिपोर्ट भी दर्ज करा दी गई थी। इससे पहले महाशिवरात्रि के दिन टप्पेबाजों ने एक महिला के गले की चेन उतरवा ली और लेकर फरार हो गए। लगातार होती ठगी की घटनाओं में पुलिस अभी तक किसी का भी खुलासा नहीं कर सकी है। संवाद