संभल। न्यायिक जांच के लिए सबूत और गवाही देने कोई नहीं पहुंचा। नामित डिप्टी कलक्टर सुबह से शाम पांच बजे तक इंतजार करते रहे, लेकिन न किसी ने बयान दर्ज कराए और न किसी ने कोई सबूत पेश किया। नामित अधिकारी ने घटना के दौरान मौजूद अधिकारियों के बयान दर्जन करने के लिए शनिवार तक का समय तय किया है। इसके बाद ही जांच पूरी हो सकेगी।
रविवार को हुए बवाल के बाद जो लोगों की मौतें हुईं और नुकसान हुआ है। उसकी न्यायिक जांच डिप्टी कलक्टर दीपक चौधरी द्वारा की जा रही है। डीएम ने उन्हें न्यायिक अधिकारी नामित किया है। इसी क्रम में लोगों से अपील की गई थी कि यदि किसी व्यक्ति पर घटना से जुड़ा कोई साक्ष्य है तो वह बृहस्पतिवार की शाम पांच बजे तक उनके कार्यालय पहुंचकर उपलब्ध करा सकता है। डिप्टी कलक्टर ने बताया कि बृहस्पतिवार को कोई भी व्यक्ति उनके कार्यालय नहीं पहुंचा। बताया कि 30 नवंबर तक भी साक्ष्य या गवाही दी जा सकती है। घटना के दौरान जो अधिकारी मौजूद रहे। उनके बयान और सबूत भी 30 नवंबर तक ही मांगे गए हैं। इसके बाद जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी।