चंदौसी। रविवार को होने वाली नीट परीक्षा की तैयारियों को लेकर एसएम इंटर कॉलेज में कक्ष निरीक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में परीक्षा संचालन से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने पर जोर दिया गया। केंद्र पर तैनात कक्ष निरीक्षकों को प्रश्नपत्र वितरण, ओएमआर शीट प्रबंधन और अभ्यर्थियों के सत्यापन संबंधी प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया।
केंद्र व्यवस्थापक व प्रधानाचार्य राजेश गुप्ता ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी कक्ष निरीक्षकों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
डिप्टी केंद्र व्यवस्थापक मनोज कुमार ने बताया कि कक्ष निरीक्षकों को प्रश्नपत्र वितरण से लेकर ओएमआर सीट जमा कराने तक की पूरी प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध, अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन और बायोमेट्रिक प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की भी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि एनटीए की गाइडलाइन की हार्ड कॉपी भी सभी कक्ष निरीक्षकों को उपलब्ध कराई गई है।इस अवसर पर योगेश शर्मा, गनेश सिंह, आकाश शर्मा, मानसिंह, संजीव कुमार, सत्यपाल, ममता शर्मा, विनीता रानी, नेहा श्रीवास्तव, सुंदर पाल, सुनील कुमार, मोहम्मद सलीम, मोहम्मद आदि मौजूद रहे।