बनियाठेर। थाना क्षेत्र के गांव मझावली और आटा के बीच हाईवे पर बृहस्पतिवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार बहजोई निवासी नितिश अग्रवाल की मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
बहजोई के रेलवे रोड निवासी नितिश अग्रवाल (40) बृहस्पतिवार को चंदौसी अपनी रिश्तेदारी में आए थे। रात करीब 11 बजे वह चंदौसी से बाइक द्वारा अपने घर को लौट रहे थे। जैसे ही वह बाइक से बहजोई हाईवे पर मझावली और आटा गांव के बीच पहुंचे, तभी कोई अज्ञात वाहन उनकी बाइक में टक्कर मारकर चला गया। टक्कर लगने से वह बाइक सहित सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मुरादाबाद के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी श्वेता गुप्ता सहित दो बेटियों को अकेला छोड़ गए। थाना प्रभारी बोबिंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया।