बहजोई(संभल)। ऑल यूपी चैलेंज कप में मुरादाबाद की टीम ने लखनऊ की टीम को 11 रनों से हराकर जीत हासिल की। इस बीच मुरादाबाद के खिलाड़ी प्रीत मैन ऑफ द मैच घोषित किए गए।
बुधवार को नगर के बड़ा मैदान पर आयोजित स्वर्गीय कुलदीप कुमार टीटू व स्वर्गीय प्रदीप नील कमल मेमोरियल ऑल यूपी चैलेंज कप क्रिकेट टूर्नामेंट का पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला मुरादाबाद व लखनऊ की टीम के बीच हुआ। मुरादाबाद के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। मुरादाबाद के बल्लेबाजों ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 151 रन बनाए।
जवाब में मैदान पर खेलने उतरी लखनऊ की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर कुल 140 रन बनाकर ही सिमट गई। पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला मुरादाबाद की टीम ने 11 रनों से जीत लिया। मुरादाबाद के खिलाड़ी प्रीत ने 47 रन बनाए, जिसपर उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। अंपायर राजू गिरि व चंद्रपाल रहे। कमेंटरी सुशील कुमार शर्मा छोटू ने व स्कोरिंग राजू शर्मा ने की। आयोजकों में नवदीप बंटी, जयदीप उस्ताद, राकेश यादव, पुष्पेंद्र सिंह, अय्यूब, लईक अहमद, नबाजिश, छोटे, नईम व मंगल आदि रहे।
संभल व बहजोई के बीच दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला आज
आयोजक नवदीप कुमार बंटी ने बताया कि ऑल यूपी चैलेंज कप क्रिकेट टूर्नामेंट का दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला 30 दिसंबर को सुबह 11 बजे से बड़ा मैदान पर होगा।