चंदौसी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंच के पदाधिकारी नगर में अघोषित बिजली कटौती, ट्रिपिंग व गलत बिल को लेकर एक्सईएन चंदौसी से मिले। उन्हें समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ, तो व्यापारी सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
व्यापारियों ने बताया कि गर्मी का मौसम आते ही नगर में बिजली कटौती शुरू हो जाती है। इस समय अघोषित कटौती से रातों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। उद्योग धंधे चौपट हो रहे हैं। बिजली न होने के कारण इंवर्टर चार्ज नहीं हो पाते हैं।
अघोषित कटौती से नगर में पानी की समस्या बनी रहती है। नगर में ट्रिपिंग, लोवोल्टेज की समस्या बनी रहती है। लोवोल्टेज होने के कारण घरों के पंखे शोपीस बन गए हैं। रात दिन अघोषित कटौती से चंदौसी की जनता परेशान हैं। मीटर रीडर के द्वारा गलत बिल निकाले जा रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही।
उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो व्यापारी सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सागर गुप्ता, शरद शर्मा, अंकुर शर्मा, अनिल गुप्ता, संतोष बालाजी, अनिल कुमार, सौरभ अग्रवाल, अजीत ठाकुर, मंतेश वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।