संभल। कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव शकरपुर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर मायके वाले मौके पर पहुंचे और हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मायके पक्ष के लोगों का कहना है कि दहेज के लिए ससुराल पक्ष के लोग लगातार विवाहिता को प्रताड़ित कर रहे थे और अब हत्या कर दी। रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की मांग की गई है।
रजपुरा थाना क्षेत्र के बरौरा गांव निवासी अतर सिंह ने अपनी बेटी सत्यवती (22) का विवाह तीन साल पहले कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव शकरपुर निवासी अशोक पुत्र ऋषिपाल के साथ किया था। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग शादी के बाद से ही कम दहेज देने का आरोप लगाकर प्रताड़ित कर रहे थे और दहेज में सामान व नगद रुपये लाने के लिए दवाब बना रहे थे। इस मामले की पुलिस से शिकायत की गई थी जिसके बाद समझौता हो गया था। महिला के पिता ने कहा कि मंगलवार को मौत की सूचना मिली थी। जिस पर गांव पहुंचे और देखा। ससुराल पक्ष के लोग फरार थे। पहले फांसी पर लटकाया और फिर शव को नीचे उतारकर रखकर फरार हो गए। पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर, तहसीलदार मनोज कुमार सिंह ने गांव पहुंचकर जानकारी हासिल की है। थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अशोक, ऋषिपाल, उर्मिलेश देवी, विमलेश, नीरा, जुगेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।