संभल। कोतवाली क्षेत्र के आयकर कार्यालय के सामने बैंक से रुपये निकालकर घर जा रहे सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी के पैरों में उचक्कों ने बाइक का पहिया लगाकर गिरा दिया। पास खड़े दो उचक्कों ने उठाने के दौरान वृद्ध के जेब में रखी पच्चीस हजार रुपये की नकदी साफ कर रफूचक्कर हो गए। घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है।
बनियाठेर क्षेत्र के अशोक नगर निवासी सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी बिजेंद्र सिंह ने मंगलवार की सुबह 11 बजे रामस्वरूप रोड स्थित स्टेट बैंक से रुपये निकालने आए। बैंक से पच्चीस हजार रुपये निकालने के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारी स्टेशन रोड स्थित आयकर कार्यालय के सामने ई-रिक्शा का इंतजार कर रहे थे। तभी बाइक सवार उचक्कों ने उनके पैर में पहिया लगा गिरा दिया। पास खड़े दो अन्य उचक्कों ने वृद्ध को उठाने के बहाने उनकी जेब में रखी नकदी साफ कर दी। इसके बाद जब सेवानिवृत्त कर्मचारी ई-रिक्शा में बैठे तो उनकी जेब में रखी नकदी गायब थी। उन्होंने घटना की सूचना से अपने परिजनों को अवगत कराया। परिजनों ने शहर में उचक्कों को ढूंढने का प्रयास किया। मगर उचक्कें नहीं मिल सके। पीड़ित की ओर से घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है।