संभल/पवांसा। थाना क्षेत्र बहजोई के एक गांव में लग्न में दहेज का सामान कम लाने पर लड़का पक्ष के द्वारा लग्न चढ़ाने से मना कर दिया। जिसको लेकर दोनों पक्षों में जमकर नोकझोंक हुई। वहां मौजूद जिम्मेदार लोगों ने लग्न चढ़ाने का प्रयास किया मगर लड़के पक्ष के लोगों ने साफ इनकार मना कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। लड़की पक्ष के लोगों ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी।
लड़का पक्ष से पिता-पुत्र मौके से भाग गए। पवांसा क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की शाम को जिला बदायूं के बिसौली थाना क्षेत्र के गांव शेखूपुर निवासी युवक ने अपनी बहिन की शादी बहजोई थाना क्षेत्र के विक्रमपुर तहारपुर गांव में तय कर दी थी। जहां बुधवार को लड़की पक्ष के लोग लग्न लेकर आए और लग्न चढ़ाने की तैयारियां शुरू कर दी। शादी में तय हुआ दहेज का सामान कम लाने पर दोनों पक्षों में जमकर नोकझोंक शुरू हो गई।
इसके बाद दोनों तरफ से मारपीट होने लगी। मारपीट को देखकर कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचना देने पर पवांसा पुलिस चौकी मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर लड़के के परिजन मौके से फरार हो गए। दोनों पक्ष के रिश्तेदारों द्वारा समझौते का प्रयास किया गया मगर समझौता नहीं हो सका। लड़की पक्ष के लोग लग्न बिना चढ़ाए वापस लौट गए। लड़की के भाई ने बहजोई थाना पुलिस को सूचना दी है। पवांसा चौकी प्रभारी ललित कुमार शर्मा ने बताया कि किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी। जिसको लेकर एक पक्ष द्वारा लग्न नहीं चढ़ाई गई है। अभी लड़की पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।