धनारी। भारतीय किसान यूनियन टिकैत की बैठक में पांच सितंबर को मुजफ्फर नगर में संपन्न होने वाली महापंचायत को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में किसानों को ले जाने की रणनीति बनाई गई। बैठक में प्रदेश प्रमुख महासचिव बृजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि किसान आंदोलन को दिल्ली की सीमाओं पर जारी बने नौ माह का समय बीत चुका हैं। जिसमें संभल के किसानों की महत्वपूर्ण भागेदारी रही हैं।
पांच सितंबर को मुजफ्फरनगर के जीआईसी मैदान में होने वाली महापंचायत में जनपद से हजारों की संख्या में किसान वाहनों के साथ शिरकत करेंगे। जिसकी जिम्मेदारी तहसील स्तर पर भाकियू पदाधिकारियों को सौंपी दी गई है। सभी किसान नेता व कार्यकर्ता अपने निजी वाहन से चार सितंबर की रात आठ बजे मुजफ्फरनगर के लिए कूच करेंगे।
उन्होंने कहा कि पांच सितंबर के बाद फिर मंडल स्तर पर संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत होगी। उसके बाद जनपद तथा विधान सभा स्तर पर संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत आयोजित कर भाजपा की दोहरी राजनीति से किसानों को अवगत कराया जाएगा।