किसी प्रधानमंत्री का संभल जिले में पहला दौरा होने जा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी के श्री कल्कि धाम के शिलान्यास समारोह में शामिल होने का असर लोकसभा चुनाव में भी दिखाई देगा। पीएम के आने से संभल लोकसभा सीट पर भाजपा के पक्ष में माहौल बन सकता है। अभी यहां सपा से डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क सांसद हैं।
वर्ष 2014 में संभल लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर आचार्य प्रमोद कृष्णम थे। हालांकि, मुख्य मुकाबला भाजपा और सपा के बीच हुआ था। जिसमें करीब पांच हजार वोट से भाजपा प्रत्याशी सत्यपाल सैनी को जीत मिली थी। इस चुनाव में किसी भी दल का गठबंधन नहीं था।
भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशी उतारे थे। इसका लाभ भाजपा प्रत्याशी को मिला था। संभल सीट पर वापसी करने के लिए भाजपा पूरा जोर लगा रही है। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी का आना कार्यकर्ताओं में उत्साह भरेगा।
आचार्य प्रमोद कृष्णम 2019 के लोकसभा चुनाव में लखनऊ सीट से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सामने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे। हालांकि, इसमें उन्हें हार मिली थी और राजनाथ सिंह बड़े अंतर से चुनाव जीते थे। प्रमोद कृष्णम को करीब दो लाख वोट मिले थे।
कई मौकों पर आचार्य प्रमोद कृष्णम भाजपा की जमकर आलोचना कर चुके हैं, लेकिन बीते एक साल से वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसलों की प्रशंसा कर रहे हैं। इसके बाद से ही उनके भाजपा में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं।