संभल। वाजिदपुरम के पास संभल का बस अड्डा बनेगा। इसके लिए जमीन चयनित कर ली गई है। अब इस जमीन के हस्तांतरण की औपचारिक प्रक्रिया होनी है। उप जिलाधिकारी ने इसके लिए जिलाधिकारी को प्रस्ताव भेजा है।
संभल में रोडवेज का बस स्टेशन वर्षों से निजी जमीन पर चल रहा है। इसके चलते परिवहन विभाग उसमें जन सुविधाएं विकसित नहीं कर पा रहा है। लंबे समय से अपनी जमीन पर रोडवेज का बस स्टेशन बनाने की मांग चल रही थी। पूर्व सांसद सत्यपाल सैनी, संजय सांख्यधर, शिल्पी गुप्ता, सामाजिक कार्यकर्ता सय्यद गुलजार अहमद समेत कई लोगों ने नोडल अधिकारी बीराम शास्त्री के समक्ष यह मुद्दा उठाया था। इसके बाद प्रक्रिया में तेजी आई।
उप जिलाधिकारी दीपेंद्र यादव ने पहल की और उनके प्रयासों से संभल-मुरादाबाद मार्ग पर वाजिदपुरम के निकट जमीन चयनित की गई। 2230 वर्ग मीटर जमीन मिल गई है। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक अतुल जैन, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बालकराम ने जमीन देख ली है। अधिकारियों ने जमीन को उपयुक्त माना है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने शनिवार की शाम बताया कि जमीन को उपयुक्त मानते हुए एसडीएम को पत्र भेज दिया गया है। अब एसडीएम इस जमीन का हस्तांतरण परिवहन विभाग के नाम कराएंगे तब प्रस्ताव मुख्यालय जाएगा। वहां से मंजूरी मिलने के बाद बस स्टेशन के निर्माण का रास्ता साफ होगा। संभल-मुरादाबाद मार्ग पर वाजिदपुरम के निकट मुख्य मार्ग पर रोडवेज का बस स्टेशन बनने से जनता को फायदा मिलेगा।