संभल/बहजोई। बहजोई स्थित वेयर हाउस परिसर में गुरुवार को मतगणना की जानी है। इसकी तैयारी प्रशासन की ओर से कर ली गई है और पुलिस की भी सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी हो चुकी हैं।
इसी क्रम में डीएम संजीव रंजन और एसपी चक्रेश मिश्र ने मंगलवार की शाम कलक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता कर मतगणना की तैयारियों की जानकारी साझा कीं। डीएम ने बताया कि वेयर हाउस में मतगणना की जानी है। सुबह आठ बजे से पोस्टल बैलेट पेपर की गिनती शुरू होगी। चंदौसी विधानसभा सीट की पोस्टल बैलेट पेपर की गिनती चार टेबल पर की जानी हैं क्योंकि यह सीट बढ़ी है और संभल, असमोली और गुन्नौर सीट की पोस्टल बैलेट पेपर की मतगणना तीन-तीन टेबल पर की जानी हैं। बताया कि साढ़े आठ बजे से ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले की विधानसभा सीट संभल, चंदौसी, गुन्नौर और असमोली की मतगणना 14 टेबल पर की जाएगी। प्रत्येक टेबल पर चार कर्मचारी मौजूद रहेंगे। इसमें गणना पर्यवेक्षक, गणक, माइक्रो ऑर्ब्जवर और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मौजूद रहेंगे। प्रत्येक विधानसभा सीट पर आरओ और छह एआरओ की तैनाती रहेगी। एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि पास के बिना किसी को भी मतगणना स्थल में प्रवेश नहीं मिलेगा। 200 मीटर का दायरा रहेगा। सुरक्षा में पुलिस कर्मी के अलावा अर्द्धसैनिक बल के जवानों की भी तैनाती रहेगी। सीओ निगरानी करेंगे।
किस विधानसभा सीट की कितने राउंड होगी गिनती
चंदौसी विधानसभा सीट 31
405 बूथों की गिनती 29 राउंड में की जाएगी।
असमोली विधानसभा सीट 32
446 बूथों की गिनती 32 राउंड में की जाएगी।
संभल विधानसभा सीट 33
420 बूथों की गिनती 30 राउंड में की जाएगी।
गुन्नौर विधानसभा सीट 111
475 बूथों की गिनती 34 राउंड में की जाएगी।
मतगणना के लिए पूरी व्यवस्था बन गई है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में मतगणना होगी। कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी हो चुका है। कर्मचारी और अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारी दे दी गई है।
संजीव रंजन, जिलाधिकारी, संभल