चंदौसी। मोहल्ला घटलेश्वर गेट के रहने वाले 14 वर्षीय मीत गुप्ता को दो युवक नशा सुंघाकर अपने साथ ट्रेन से बरेली की तरफ ले जाने लगे। गनीमत रही कि किशोर को रास्ते में ट्रेन में होश आ गया और वह चकमा देकर भाग निकला।
मोहल्ला घटेलश्वर गेट निवासी मानव गुप्ता का बेटा मीत गुप्ता कक्षा सात का छात्र है। परिजनों के अनुसार बृहस्पतिवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मीत गुप्ता खाना खाकर घर से बाहर दुकान पर टॉफी खरीदने के लिए गया था। इसी बीच बाहर सड़क पर विनोवा भावे कंपोजिट विद्यालय के पास दो युवकों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया और अपने साथ ले गए। बताया कि दोनों युवक किशोर को पहले रेलवे स्टेशन ले गए। जहां से अलीगढ़ - बरेली पैसेंजर में किशोर को बेहोशी की अवस्था में ही सीट पर लिटा दिया। लेकिन जैसे ही रास्ते में दबतरा रेलवे स्टेशन आया, तो किशोर को होश आ गया। मगर वह लेटा रहा।
जैसे ही ट्रेन दबतरा से चलकर करेंगी रेलवे स्टेशन पर रुकी तो किशोर ट्रेन से बाहर निकलकर करेंगी गांव के पास के ही गांव महमूदपुर थाना आंवला जनपद बरेली की ओर दौड़ने लगा। महमूदपुर गांव में उसके रिश्तेदार रहते हैं। इसके बाद दोनों युवक भी किशोर का पीछा करने लगे। लेकिन किशोर के शोर मचाने पर दोनों युवक भाग गए।
शाम करीब छह बजे जब किशोर अपने गांव पहुंचा, तो वहां ताऊ प्रदीप गुप्ता से लिपटकर रोने लगा। जिसके बाद उसने पूरी आपबीती ताऊ को बताई। ताऊ ने किशोर के पिता मानव गुप्ता को सूचना दी। मानव गुप्ता ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह ही दिल्ली से लौटे हैं। बताया कि महमूदपुर उनका पुश्तैनी गांव है।