संभल। 11 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों को गड्ढों का सामना न करना पड़े, इसके लिए लोकनिर्माण विभाग की ओर से गड्ढे भरने का काम शुरू कर दिया है। जिले में छह मार्गों से होकर कांवड़ियों के जत्थे गुजरते हैं। इन जत्थों को किसी तरह की दुश्वारी न हो। इसके लिए सुधार कराया जा रहा है। हालांकि गड्ढे भरने का काम 16 सड़कों पर चल रहा है। लोकनिर्माण विभाग के एक्सईएन सुनील प्रकाश का कहना है कि गड्ढे भरने का काम चल रहा है। चार जुलाई तक सभी गड्ढे भर दिए जाएंगे।
जिले में हरिद्वार और राजघाट से कांवड़ियों के जत्थे बड़ी संख्या में आते हैं। इसके अलावा दूसरे जिले के भी जत्थे होकर गुजरते हैं। हरिद्वार से जल लेकर आने वाले जत्थे अमरोहा जिले से होते हुए असमोली ब्लॉक में प्रवेश करते हैं। इसके बाद वह असमोली-संभल मार्ग पर होते हुए आगे बढ़ते हैं। राजघाट के जत्थे भी संभल होकर ही गुजरते हैं। प्रशासन के अनुसार जिले में कांवड़ियों के प्रवेश के लिए छह मार्ग हैं। इन सभी मार्ग पर सुरक्षा और व्यवस्था दुरूस्त रहेगी। लोकनिर्माण विभाग के एक्सईएन का कहना है कि जहां से भी कांवड़ियाें के जत्थे गुजरते हैं। उन सभी मार्ग को गड्ढा मुक्त कराया जाएगा।