संभल। शहर के आर्य समाज रोड से रायसत्ती तक नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। टीम ने करीब दो हजार मकानों और दुकानों को चिह्नित कर लिया है। साथ ही अतिक्रमण करने वाले लोगों से खुद ही अतिक्रमण हटाने के लिए कहा है। यदि अभियान शुरू होने से पहले खुद अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो अतिक्रमण जेसीबी से तोड़ा जाएगा। फिलहाल यह अतिक्रमण नाले के ऊपर से हटाए जाने की तैयारी है।
ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी ने बताया कि आर्य समाज रोड से रायसत्ती तक सड़क के दोनों ओर करीब दो हजार दुकान और मकान इसकी चपेट में आएंगे। एक किलोमीटर से ज्यादा इस दूरी में नाले के दोनों अतिक्रमण कर लिया गया है। इस अतिक्रमण में स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण दोनों तरह का शामिल है। पालिका के ईओ ने बताया कि दो या तीन दिन में यह अभियान शुरू कराया जाएगा। टीम ने अतिक्रमण पर निशान लगा दिए हैं। यदि लोग खुद अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो जेसीबी से तोड़ा जाएगा।
00000000000
अतिक्रमण हटाया, अब संवारने में दिखा रहे सुस्ती
शहर के चंदौसी चौराहे पर 40 दिन पहले अतिक्रमण हटाने के लिए पालिका ने काफी जल्दबाजी की थी। लोगों ने खुद ही अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया था। इस समय चौराहा बेतरतीब दिखाई दे रहा है। अब इस चौराहे को संवारने में सुस्ती दिखाई जा रही है।
लोकनिर्माण विभाग ने सड़क किनारे खुदाई भी कराई लेकिन उसके आगे फुटपाथ बनाने की प्रक्रिया शुरू नहीं की। बारिश के दौरान इसमें हादसे का खतरा मंडरा रहा है। इस गड्ढे को बैरिकेडिंग से भी कवर नहीं किया गया है। इसके अलावा बिजली लाइन और खंभे भी शिफ्ट किए जाने के लिए काम शुरू नहीं किया गया है। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लोकनिर्माण विभाग की ओर से एस्टीमेट की राशि विभागीय खाते में ट्रांसफर नहीं की गई है। जब तक एस्टीमेट की राशि नहीं मिलेगी तब तक लाइन शिफ्ट करने का काम शुरू नहीं हो पाएगा। लोकनिर्माण विभाग के एक्सईएन ने बताया कि एस्टीमेट की राशि बिजली विभाग के खाते में एक या दो दिन में भेज दी जाएगी।