जुनावई। ब्लॉक क्षेत्र के चिरबारा गांव में महीनों से बंद पड़े सामुदायिक शौचालय और स्कूल के रास्ते में जलभराव की खबर प्रकाशित होने के बाद शनिवार को गांव पहुंचे एडीओ पंचायत ने तत्काल समस्या का समाधान करने के आदेश पंचायत सचिव व ग्राम प्रधान को दिए।
इसके साथ ही बीडीओ द्वारा प्रधान एवं सचिव को नोटिस देकर दो दिन के अंदर समस्याओं का समाधान करने के आदेश दिए गए हैं।
गांव में स्कूल के रास्ते पर गंदगी और कीचड़ है। ग्रामीणों के अनुसार स्कूल के रास्ते में जलभराव के कारण स्कूली बच्चों के कपड़ों पर अक्सर कीचड़ लग जाता है और बच्चे इसमें गिर जाते हैं। खबर का संज्ञान लेते हुए बीडीओ ने एडीओ और पंचायत सचिव को शनिवार को ही गांव भेजा और प्रधान व सचिव को नोटिस जारी कर दो दिन के अंदर समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए।
एडीओ पंचायत कुलदीप कुमार एवं सचिव पंकज कुमार ने ग्रामीणों के साथ बैठक की। एडीओ कुलदीप ने गांव के गलियारों में जलभराव समाप्त करने के लिए 10 सफाई कर्मी लगाने का आश्वासन दिया। जय शर्मा, वीरेश कुमार, ऊधल सिंह, रमेश कुमार, कुमरपाल, जय शंकर ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद