बहजोई। रसोई गैस सिलिंडर के पाइप में आग लगने से पति-पत्नी व बच्चा झुलस गए। आनन-फानन सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी झुलसे हुए लोगों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हादसा गांव कान्हू-धामपुर में हुआ।
मंगलवार को सुबह करीब नौ बजे कोतवाली क्षेत्र के गांव कान्हू-धामपुर में एक घर में रसोई गैस सिलिंडर के पाइप में आग लग गई। इसमें युवक विजयपाल पुत्र छोटेलाल उसकी पत्नी गुड्डो देवी व करीब चार वर्षीय बेटा अनुज झुलस गया।
हादसे की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। बमुश्किल आग पर काबू पाया गया। वहीं झुलसे हुए सभी लोगों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।