चंदौसी(संभल)। न्यायालय ने संभल के थाना नखासा क्षेत्र में वर्ष 2021 के दहेज हत्या के मामले में पति फिरोज को 10 वर्ष की कारावास और 8000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। मुकदमे की सुनवाई विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) / अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के न्यायालय में हुई।
सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता हरिओम प्रकाश उर्फ हरीश सैनी ने बताया कि वादी मुशाहिद ने थाना नखासा पुलिस को तहरीर दी थी। जिसमें बताया कि उसने अपनी पुत्री नाजुक की शादी 03 नवंबर 2020 को सिरसी कस्बे के मोहल्ला चौधरियान निवासी फिरोज अली से की थी। शादी में साढ़े तीन लाख नकद दिए थे। शादी के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज लाने का ताना देते हुए पुत्री नाजुक को प्रताड़ित करने लगे। 27 दिसंबर 2020 की रात करीब 11:45 बजे पति फिरोज, सास शौकीन जहां, ससुर सायब अली तथा परिवार की अन्य महिलाएं नाजुक से दहेज की मांग करते हुए झगड़ा करने लगीं। लात-घूसों और डंडों से नाजुक को बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। नाजुक की सास ने घटना की सूचना फोन पर मायके वालों को दी। मायके वाले मौके पर पहुंचे तो नाजुक मृत पड़ी थी। पुलिस ने पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया और विवेचना के बाद साक्ष्य जुटा कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया। मुकदमे की सुनवाई विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) / अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अवधेश कुमार सिंह के न्यायालय में चल रही है। न्यायालय ने पति फिरोज को दोषी करार देते हुए 10 वर्ष के कारावास और 8000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। जबकि ससुर सायब अली और सास शौकीन जहां को साक्ष्य के अभाव में दोष मुक्त किया।