बबराला। आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर गांव इटउआ के समीप दंपती के बीच विवाद हो गया। इसके बाद पत्नी को रस्सी से बांधकर बाइक से खींचते व्यक्ति देख भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को फोन कर सूचना दी। इसके बाद महिला को पुलिस थाने ले आई।
गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव सैमला निवासी महिला का अपने पति से विवाद हो गया था। बृहस्पतिवार को बाइक पर सवार पति अपनी पत्नी व चार वर्षीय बेटे के साथ हाईवे से होकर बबराला की ओर जा रहा था। गांव इटउआ के पास महिला को बाइक से नीचे उतारकर मारपीट करने लगा। महिला ने आरोप लगाया है कि पति उसे रस्सी से बांधकर बाइक से खींचकर ले जा रहा था। चीख पुकार सुन आसपास के लोगों ने मुझे बचाया। हालांकि उसके पति ने बताया कि बीते कई महीनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा है। पत्नी उसकी मर्जी के कार्य करती है।
बबराला थाना प्रभारी नितेश सहरावत ने बताया कि आपस में पति-पत्नी का घरेलू विवाद है, महिला का पति उसको लेकर किसी काम से बबराला जा रहा था, तभी नाराजगी के चलते गांव के नजदीक महिला बाइक से उतर गई तो पति रस्सी से बांधकर ले जाने की बात कर रहा था। इसी बीच महिला चिल्लाने लगी तो मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई थी। महिला की ओर से तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।