चंदौसी। शहर में मुख्य चौराहों व तिराहों पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे ताकि शहर में होने वाली अप्रिय घटनाओं को कैमरों में कैद किया जा सके। अब सभी स्थानों पर लगे सीसी कैमरे खराब हो गए तथा कुछ स्थानों से कमरों का अस्तित्व ही खत्म हो चुका है। उक्त कैमरे दो वर्ष पहले व्यापारियों ने चंदाकर लगवाए थे। जिन्हें बाद में पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। खराब कैमरों को सही कराने के लिए पुलिस ने कोई प्रयास नहीं किया जिससे बदमाशों की निगरानी नहीं हो पा रही है।
दिसंबर 2018 में कोतवाली में आईजी रमित शर्मा आए थे। उन्होंने व्यापारियों से शहर के प्रमुख चौराहों व तिराहों पर सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगवाने का आग्रह किया था। इसके बाद व्यापारियों ने आपस में चंदा करके शहर में मुखर्जी चौराहा, फव्वारा चौक, सुभाष रोड तिराहा, डिस्पेंसरी रोड, फड़याई बाजार, रोडवेज बस स्टैंड, सीता रोड स्थित गणेश मंदिर के पास सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे। इसके पीछे रात व दिन में होने वाली अप्रिय घटनाओं की कैमरे से निगरानी करना था। इसके बाद व्यापारियों ने कैमरे को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। पुलिस की देख-रेख के अभाव में कुछ समय बाद धीरे-धीरे कैमरे चलने बंद हो गए या फिर बंदरों द्वारा तोड़ दिए। कुछ स्थानों पर लगे कैमरों का अस्तित्व ही खत्म हो चुका है। अब जब शहर में कोई भी लूटपाट की वारदात होती है, तो पुलिस व्यापारियों के प्रतिष्ठान व घरों के बाहर लगे कैमरों को चेक करती है। जबकि प्रमुख चौराहों व तिराहों पर लगे कैमरों को सही कराने का प्रयास नहीं किया जाता है। प्रमुख स्थानों पर लगे कैमरे खराब होने से अराजक तत्वों के हौसले भी बुलंद हैं। अब शहर की निगरानी भी भगवान भरोसे चल रही है। जबकि पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र भी कोतवाली आने पर व्यापारियों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों के बाहर सीसी टीवी कैमरे लगाने की बात कहते हैं। मगर प्रमुख स्थानों पर लगे कैमरों को सही नहीं कराया जाता।
-----------------------
तीन वर्ष कोतवाली में डीआईजी ने आकर व्यापारियों से शहर के प्रमुख चौराहों व तिराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का आग्रह किया था। इसके बाद व्यापारियों ने आपस में चंदाकर कैमरे लगवाए थे। जिन्हें बाद में पुलिस के सुपुर्द कर दिया। अब सभी कैमरे बंद हैं। व्यापारी पुलिस से कई बार कैमरों को ठीक कराने की गुहार लगा चुके हैं।
अरविंद गुप्ता, जिलाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, चंदौसी।
------------------
आपके द्वारा मेरे नगर में कैमरे लगवाए जाने का मामला संज्ञान में आया है। मैं स्वयं इसका संज्ञान लूंगा। साथ ही बंद कैमरों को संचालित कराया जाएगा, ताकि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों व घटनाओें पर नजर रखी जा सके।
आलोक कुमार सिद्धू, सीओ चंदौसी।