संभल। नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला पंजू सराय में नलकूप खराब होने के चलते लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। लोगों को दूर जाकर या जिनके घर सबमर्सिबल पंप लगे हैं उनके घरों से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि पिछले डेढ़ माह से नलकूप खराब होने के चलते पानी की समस्या बनी हुई है। अब नलकूप को सही कराने के लिए कार्य शुरू हुआ है। उम्मीद है जल्द ही लोगों को पानी मिलने लगेगा।
बताते चलें कि मोहल्ला पंजू सराय के वार्ड संख्या 29 में लोगों को पेयजल की समस्या करीब डेढ़ महीने से बनी हुई है। जिस नलकूप से पानी की आपूर्ति 200 परिवारों के लिए होती थी वह नलकूप खराब पड़ा था। वैकल्पिक व्यवस्था भी पानी की कोई नहीं की गई थी। जिससे लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा था। लोगों की इस समस्या को अमर उजाला ने 12 जून के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया तो पालिका चेत गई। अब इसका संज्ञान लिया गया और बोरिंग को सही कराने का कार्य शुरू कराया गया है।