संभल। मुरादाबाद मार्ग पर सिरसी में रेलवे क्राॅसिंग के निकट सोमवार रात दो बजे के करीब अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मोहम्मद उमर (35) निवासी मोहल्ला चौधरी सराय संभल की मौत हो गई। वह डींगरपुर से घर लौट रहे थे। उमर के बड़े भाई भूरा ने बताया कि उमर मुरादाबाद जिले के गांव डींगरपुर स्थित होटल पर तीन साल से काम कर रहे थे। हर दिन की तरह सोमवार की रात में बाइक से घर लौट रहे थे। रेलवे क्राॅसिंग सिरसी के निकट पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस आई लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।
थाना प्रभारी अनुज कुमार तोमर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार करने पर परिजनों को शव सुपुर्द कर दिया गया। यदि कोई तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, मोहम्मद उमर की मौत के बाद उनके पांच बच्चे, जिसमें दो बेटी और तीन बेटों व पत्नी तहसीना का रो-रोकर बुरा हाल है।