संभल। अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले संभल के सपा सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क इस बार हिजाब को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने लड़कियों को हिजाब में रहने की नसीहत दी है। साथ ही कहा है कि इस्लाम धर्म का पालन करने के लिए हिजाब का होना जरूरी है। सांसद ने आगे कहा कि हिजाब में रहने से लड़कियां बुरी नजरों से भी बचती हैं। लोग गलत टिप्पणी नहीं कर पाते हैं।
सांसद का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह बयान दिल्ली में सदन चलने के दौरान का बताया जा रहा है। इस बाबत जब सांसद से जानकारी की तो उन्होंने बताया कि हिजाब लड़कियों के लिए जरूरी है। इसके लिए इस्लाम धर्म भी कहता है। इससे लड़किया महफूज रहती हैं। सांसद ने आगे कहा कि हिजाब में पहले मुस्लिम ही नहीं अन्य धर्मों की महिलाएं भी रहती थीं। इस समय यूरोपियन कल्चर महिलाओं पर हावी हो रहा है जो गलत है। मालूम हो इससे पहले सांसद लड़कियों की शादी की उम्र 21 वर्ष होने पर चर्चा में रहे थे। तब सांसद ने कहा था कि लड़कियों की शादी की उम्र नहीं बढ़ानी चाहिए। लड़कियों की जितनी जल्दी शादी हो जाए उतना ही मां-बाप के लिए अच्छा रहता है। वह अपनी जिम्मेदारी पूरी कर पाते हैं। सांसद के इस बयान पर भी काफी आलोचना हुई थी।