धनारी क्षेत्र में आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर हादसे के खड़े वाहन।
- फोटो : CHANDAUSI
थाना क्षेत्र के आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर गांव डरौली के पास बिजली के पोल व ट्रांसफार्मर से लदी ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से तेज गति से आ रही पिकअप घुस गई। हादसे में पिकअप में सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची धनारी पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए बहजोई सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बहजोई थाना क्षेत्र के गांव बेरीखेड़ा निवासी महेश गिरि अपनी पत्नी कृष्णा देवी के साथ गंगा स्नान के लिए राजघाट जाने के लिए हाईवे किनारे खड़े थे। तभी उधर से गुजर रही पिकअप में दंपती सवार हो गए। आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर गांव डरौली के पास आगे चल रही बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर लदी ट्रैक्टर-ट्राली में जा घुसी। ट्राली से बाहर निकल रहे विद्युत पोल पिकअप का शीशा तोड़ अंदर घुस गए और दंपती महेश गिरि व उसकी पत्नी कृष्णा गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि चालक मामूली रूप से चुटैल हो गया। घटना के बाद चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया।
हादसा के बाद हाईवे पर दोनों तरफ का यातायात रुक गया। घटना की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को बहजोई के सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने दंपती को हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के एक घंटे बाद यातायात सुचारु हो सका है। धनारी थाना पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।