मुरादाबाद-अलीगढ़ हाईवे पर काली मंदिर के पास हादसे में दो युवकों की जान चली गई। दो अन्य घायल हो गए। सभी युवक दोस्त थे। वह एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होकर घर जा रहे थे।
मुरादाबाद-अलीगढ़ हाईवे पर काली मंदिर के पास सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत जबकि दो घायल हो गए। उनकी पहचान जुनावई निवासी विकास (22) और गांव झुकेरा के नरेंद्र (25) के रूप में हुई है। चारों युवक आपस में दोस्त थे। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
जुनावई थाना क्षेत्र के झुकेरा गांव में रहने वाले चुन्नी सिंह का बृहस्पतिवार को निधन हो गया था। राजघाट गंगातट पर उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भतीजा राहुल, उसका दोस्त नरेंद्र, विकास और कमल पहुंचे थे। रात करीब साढ़े दस बजे अंतिम संस्कार के बाद सभी युवक नरौरा चले गए।
जहां से खाना खाने के बाद गांव लौटते समय उनकी बाइकें काली मंदिर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को एंबुलेंस की मदद से गुन्नौर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने विकास और नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
जबकि राहुल और कमल को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के समय युवकों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में मातम छा गया है।