चंदौसी (संभल)। इन दिनों वायरल बुखार का प्रकोप लोगों को परेशान कर रहा है। साथ ही, खांसी, पेट दर्द और बदन दर्द की समस्या लोगों को घेर रही है। वहीं, टायफाइड बुखार ने भी लोगों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। सीएचसी में सप्ताह भर में करीब 80 मरीजों की टायफाइड की जांचें हुईं। इनमें 13 लोगों में टायफाइड की पुष्टि हुई।
सीएचसी में हर रोज 200 से ज्यादा मरीज वायरल बुखार के पहुंच रहे हैं। आलम ये है कि पर्चा खिड़की पर मरीजों की लंबी लाइन लग जाती है। आधे-आधे घंटे तक मरीज चिकित्सक कक्ष के बाहर अपनी बारी का आने का इंतजार करते हैं। वहीं, वायरल बुखार के गंभीर मरीजों को चिकित्सक टायफाइड की जांच कराने के लिए पैथोलॉजी लैब भेज रहे हैं। सीएमएस डॉ. हरवेंद्र सिंह ने बताया कि टायफाइड एक संक्रामक रोग है। यह दूषित भोजन और पानी से फैलता है। इसमें मरीज को तेज बुखार, पेट दर्द, सिरदर्द, थकान और शरीर पर लाल चकत्ते आदि हो जाते हैं। सीएमएस ने बताया कि वायरल बुखार को नजरंदाज नहीं करना चाहिए, नहीं तो यह टायफाइड का रूप ले सकता है। बताया कि सप्ताह भर में करीब 80 मरीजों की टायफाइड की जांच कराई गई है। इनमें 13 मरीजों में टायफाइड की पुष्टि हुई है। ऐसे मरीजों को दवा के साथ - साथ सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।