संभल। कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। 24 घंटे के दौरान जिले में 46 संक्रमित सामने आए हैं। इसमें दो मासूम बालिकाएं भी शामिल हैं। अब जिले में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 50 हो गई है। इसमें गौर करने वाली बात यह है कि 48 मरीज ऐसे हैं जिन्होंने कोरोना से बचाव की दोनों डोज ले ली हैं, लेकिन सावधानी नहीं बरती और संक्रमित हो गए। राहत की बात यह है कि जो संक्रमित मरीज मिले हैं उनमें ज्यादातर में गंभीर लक्षण नहीं हैं। दो मरीज ही कोविड अस्पताल में भर्ती किए गए हैं। अन्य मरीज होम आइसोलेट हैं।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मनोज चौधरी ने बताया कि अब तक जो मरीज मिले हैं इनमें एक संक्रमित मरीज दो वर्ष की बालिका है और दूसरी दस वर्ष की बालिका है। इन दोनों ही मरीजों को टीका नहीं लगा है। बाकी सभी 48 को टीका लग चुका है। इसमें ज्यादातर लोग वह हैं जो जिले से बाहर ही नहीं गए हैं, लेकिन इन्होंने सावधानी नहीं बरती।
बताया कि यारा वेरा फर्टिलाइजर प्लांट में रैंडम सैंपलिंग कराने के बाद यह मरीजों की संख्या बढ़ी है। स्कूल खोलने की तैयारी थी। उससे पहले ही प्लांट के प्रबंधन ने एहतियाती तौर पर रैंडम सैंपलिंग कराई। इसी दौरान दस कोरोना संक्रमित मिले। इन मरीजों के संपर्क में रहे लोगों की जांच में 42 संक्रमित पाए गए। अब सक्रिय मरीजों की संख्या 50 हो गई है।