गाजियाबाद के एक व्यक्ति पर क्षेत्र के 20 किसानों के ट्रैक्टर-ट्राली कब्जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित किसान ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। जबकि पुलिस का कहना है कि मामला दूसरे जनपद का है, वहीं की पुलिस कार्रवाई करेगी।
धनारी क्षेत्र के गांव मुकुटपुर निवासी जीतपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नवंबर 2021 में गाजियाबाद के थाना मुरादनगर क्षेत्र के गांव निवासी एक व्यक्ति गांव हरफरी के दो लोगों के साथ आया था। आरोपियों ने बताया था कि मिट्टी के भरान के कार्य के लिए ट्रैक्टर ट्राली की किराये पर जरूरत है। आरोपियों ने ट्रैक्टर-ट्राली के किराए का एक एग्रीमेंट तैयार कराया था। आरोपियों ने उसके साथ ही गांव मुकुटपुर, आर्थल, शेरपुर के श्यामलाल, पुलेन्द्र कुमार, रामकुमार, उमेश कुमार, रोहतास, सुल्तान सिंह, मोरपाल, रंजीत, चोलेन्द्र सिंह, चरन सिंह, किशनपाल, पप्पू, वीरेश, रामनिवास, सत्य पाल, प्रेमपाल, जीतपाल, भूरे सिंह, छतर सिंह, कंचन यादव आदि किसानों के भी ट्रैक्टर-ट्राली ले गए। इसके बाद आरोपियों ने ट्रैक्टर ट्राली के किराये के कोई रुपये नहीं दिए। जानकारी पर पता चला कि आरोपियों ने एग्रीमेंट भी झूठा बनवाया था। गाजियाबाद जाकर किराये की मांग की, तो मना कर दिया। इसके बाद ट्रैक्टर ट्राली वापस मांगे, तो आरोपी ने जाने से मारने की धमकी दी है। गाजियाबाद के थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर देने पहुंचे तो पता चला कि वहां भी उनके खिलाफ ट्रैक्टर ट्राली चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। पीड़ित किसानों ने थाना धनारी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं प्रभारी निरीक्षक विद्युत कुमार गोयल ने बताया कि पूरा मामला गाजियाबाद जनपद का है। वहीं की पुलिस कार्रवाई करेगी।