चंदौसी(संभल)। संभल जिले के चंदौसी में हुई अमर उजाला फाउंडेशन की अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2023 में 721 छात्र सम्मिलित हुए। परीक्षा देकर बाहर आए छात्रों में उत्साह दिखाई दिया। विद्यार्थी बोले, प्रतियोगी परीक्षा से अनुभव मिला। इसका लाभ जीवन में आगे मिलेगा।
चंदौसी के मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज में रविवार को परीक्षा शांतिपूर्वक संपंन हुई। इस परीक्षा में संभल जिले के 1071 छात्र पंजीकृत थे। इनमें से 721 विद्यार्थियों यानी 67.32 प्रतिशत छात्रों ने परीक्षा दी। 350 छात्र अनुपस्थित रहे। नौवीं में पंजीकृत 216 विद्यार्थियों में से 146 और दसवीं के 214 में से 146 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 11वीं में 453 में से 300 और में 188 में से 129 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा शांतिपूर्वक संपंन हुई। परीक्षा के उत्तर पुस्तिका सील करा दिया है। सुबह छात्रों की तलाशी लेकर ही कॉलेज में प्रवेश दिया। परीक्षा देकर बाहर आए छात्रों में उत्साह नजर आया। कुछ छात्र आपस में प्रश्नों को लेकर चर्चा करते भी नजर आए। मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज के स्टॉफ का सहयोग रहा। पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष छात्रों की संख्या बहुत अधिक रही। लिखित परीक्षा ओएमआर सीट के माध्यम से ली गई।
सचल दल में रहे शामिल
परीक्षा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में कॉलेज का सचल दल सक्रिय रहा। इसमें मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शिवभोले नाथ श्रीवास्तव, प्राचार्य डॉ. मनोज गुप्ता, प्रो. राजकुमार, डॉ. तेजपाल, डॉ. दीपक उपाध्याय, डॉ. निर्मल, डॉ. रैना शर्मा, मधु राठौर रहे।
सुबह साढ़े आठ बजे से ही पहुंचे छात्र
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा सुबह 11 बजे से थे। परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं में इतना उत्साह था कि सुबह साढ़े आठ बजे से ही छात्र-छात्राएं अपने-अपने अभिभावकों के साथ परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने शुरू हो गए थे। कॉलेज गेट पर नोटिस बोर्ड पर चस्पा सूची में अपना कक्ष नंबर देखा और इसके बाद इंतजार किया। वही परीक्षा के दौरान भी अभिभावक कॉलेज के गेट व मैदान में बैठकर विद्यार्थियों के आने का इंतजार करते रहे।
बोले विद्यार्थी- प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने का मिला अनुभव
-अमर उजाला फाउंडेशन को इस प्रकार की परीक्षा कराने के लिए धन्यवाद। परीक्षा छात्र-छात्राओं के लिए बहुत उपयोगी है, इससे प्रतियोगी परीक्षाओं में काफी लाभ मिलेगा। -मयंक वार्ष्णेय, 12वीं का छात्र
-अमर उजाला का प्रयास सराहनीय है। परीक्षा में सफल होने वाले छात्रों को छात्रवृति मिलने से आगे की पढ़ाई अच्छे तरीके से कर सकते हैं। परीक्षा में चयन की पूरी उम्मीद है। -इलमा सैफी, 11वीं की छात्रा
-छात्रवृत्ति परीक्षा आगे की पढाई के लिए सहायक होगी, वही छात्रों को खुद को परखने का मौका मिला। पेपर में दिए गए प्रश्न महत्वपूर्ण थे। चयन की पूरी उम्मीद है। -माहीन, 11वीं की छात्रा
-पहली बार इस तरह की परीक्षा में शामिल हुई हूं। भले ही परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाएं, लेकिन अनुभव जरूर मिला है। इसके लिए अमर उजाला का धन्यवाद। -ज्योतिका अरोरा, 12वीं की छात्रा
-अतुल महेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा उन छात्रों के लिए बहुत उपयोगी, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं, आगे की पढाई नहीं कर पा रहे। मुझे भी चयन की पूरी उम्मीद है। -संतोष कुमार, दसवीं का छात्र
-पहली बार किसी प्रतियोगी परीक्षा में शामिल हुई हूं। यह भविष्य के लिए परीक्षा बहुत उपयोगी साबित होगी।अमर उजाला का प्रयास बेहतर और छात्र हित में है। -गौरी सक्सेना, 9वीं की छात्रा