चंदौसी। श्री गणेश मेला परिषद के पदाधिकारियों ने सोमवार को प्रशासन से सहयोग मांगा। डीएम और एसपी को औपचारिक रूप से मेले के लिए आमंत्रित करते हुए पदाधिकारियों ने मेले की साझी विरासत से अधिकारियों को वाकिफ कराया। सांप्रदायिक सौहार्द और धार्मिक परंपरा का प्रतीक बने मेला गणेश चौथ की उत्तर भारत में बड़ी पहचान है। रथयात्रा के दिन कई जिलों की पुलिस और अधिकारियों की ड्यूटी लगती है।
अतीत के आयोजनों और पुलिस तथा प्रशासन की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी देने के साथ पदाधिकारियों ने मौजूदा समय की जरूरतों के बारे में भी संक्षिप्त रूप से अवगत कराया। पदाधिकारियों ने महोत्सव की रूपरेखा साझा करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी। उनके सहयोग से श्रद्धालुओं का मनोबल और अधिक बढ़ेगा। मेले का आयोजन 12 सितंबर से 2 अक्टूबर तक होना है। मुख्य आकर्षण भगवान गजानन की भव्य रथयात्रा 14 सितंबर को प्रस्तावित है।
मेला समिति से मुख्य सचिव हरिगोपाल वार्ष्णेय, ललित किशोर गुप्ता, रविंद्र कुमार रूपी, मनोज गुप्ता मीनू और प्रजीत कुमार लालू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। यह जानकारी मेला के मीडिया प्रभारी शुभम अग्रवाल ने दी है।